भोपाल , अप्रैल 1 -- मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि राज्य सरकार किसान कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है और इसी दिशा में कृषि कार्य में उपयोग होने वाले कंबाइन हार्वेस्टरों को टोल प्लाजा पर शुल्क से छूट देने का निर्णय लिया गया है।

उन्होंने कहा कि फसल कटाई में उपयोगी कंबाइन हार्वेस्टर आवश्यक कृषि उपकरण है। टोल छूट मिलने से इनके परिवहन की लागत कम होगी, जिससे कृषि उपज के मूल्य पर सकारात्मक प्रभाव पड़ेगा और किसानों को लाभ मिलेगा।

मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में मध्यप्रदेश सड़क विकास निगम के संचालक मंडल की बैठक में इंदौर-उज्जैन तथा उज्जैन-जावरा ग्रीन फील्ड मार्गों के निर्माण को मंजूरी प्रदान की गई। इन मार्गों का निर्माण नॉन एक्सेस कंट्रोल परियोजना के रूप में किया जाएगा।

बैठक में पश्चिम भोपाल बायपास के परिवर्तित एलाइनमेंट को भी अनुमोदन देते हुए निर्माण के लिए सैद्धांतिक स्वीकृति प्रदान की गई। इसके साथ ही वार्षिक लेखों और अन्य प्रबंधकीय विषयों पर भी विचार-विमर्श कर निर्णय लिए गए।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित