भभुआ , सितंबर 21 -- बिहार के कैमूर जिले में पुलिस ने सोमवार की देर रात राष्ट्रीय राजमार्ग-19 पर कार्रवाई करते हुए एक कंटेनर से क्रूरतापूर्वक बांधकर ले जाए जा रहे 37 मवेशियों को बरामद करने के साथ तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया।
पुलिस सूत्रों ने आज बताया कि सोमवार की रात करीब 12.55 बजे गुप्त सूचना मिली थी कि एक कंटेनर (रजिस्ट्रेशन संख्या बीआर24जीसी5297) में मवेशियों को क्रूरतापूर्वक लादकर सासाराम से उत्तर प्रदेश की ओर ले जाया जा रहा है। सूचना के सत्यापन एवं आवश्यक कार्रवाई के लिए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर दुर्गावती थानाध्यक्ष के नेतृत्व में टीम गठित की गयी।
इस गठित टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दुर्गावती थाना क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग-19 पर वाहन जांच शुरू की। इस जांच के दौरान एक कंटेनर में कुल 37 मवेशी क्रूरतापूर्वक बांधे हुए पाए गए। पुलिस ने मवेशियों और कंटेनर को जब्त कर तीन आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपितों में झारखंड के धनबाद जिले के भूली थाना क्षेत्र के अंसार नगर निवासी अकील खान का पुत्र एवं कंटेनर चालक वसीम खान, मोह अख्तर का पुत्र सह चालक मोह शहबाज तथा झारखंड के हजारीबाग जिले के निवासी स्वर्गीय उस्मान के पुत्र सह चालक मोह सलीम शामिल हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित