जगदलपुर , जुलाई 31 -- भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सांसद कंगना रनौत द्वारा जंतर-मंतर पर प्रदर्शन कर रहे युवाओं को लेकर की गई टिप्पणी के विरोध में शुक्रवार को छत्तीसगढ़ के बस्तर जिला मुख्यालय जगदलपुर में महिला कांग्रेस ने प्रदर्शन किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने सांसद कंगना रनौत और केंद्रीय मंत्री प्रह्लाद जोशी का पुतला दहन कर बयान को युवाओं और महिलाओं का अपमान बताया।
प्रदर्शनकारियों ने दोनों नेताओं से सार्वजनिक माफी की मांग करते हुए आरोप लगाया कि इस प्रकार की टिप्पणी जनप्रतिनिधियों की गरिमा के अनुरूप नहीं है। महिला कांग्रेस नेताओं का कहना था कि जंतर-मंतर पर प्रदर्शन कर रहे युवाओं और महिलाओं के संबंध में की गई कथित टिप्पणी अत्यंत आपत्तिजनक है तथा इससे महिलाओं और युवाओं की भावनाएं आहत हुई हैं।
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार की शिक्षा संबंधी नीतियों पर भी सवाल उठाए। उनका आरोप था कि शिक्षा व्यवस्था से जुड़े मुद्दों पर आवाज उठाने वाले युवाओं को दबाने का प्रयास किया जा रहा है। महिला कांग्रेस ने चेतावनी दी कि यदि संबंधित नेताओं ने सार्वजनिक रूप से माफी नहीं मांगी तो विरोध प्रदर्शन आगे भी जारी रहेगा।
उल्लेखनीय है कि दिल्ली में पेपर लीक के मुद्दे और शिक्षा व्यवस्था में सुधार की मांग को लेकर कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के प्रदर्शन में बड़ी संख्या में युवक-युवतियां शामिल हुए थे। इस दौरान सामने आए कुछ वीडियो में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ अभद्र भाषा का इस्तेमाल किए जाने पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए मंडी सांसद कंगना रनौत ने युवा पीढ़ी को "गटर जेनरेशन" बताया था। उन्होंने कहा था, "मैंने अपनी ज़िंदगी में इतना अजीब और इतना बुरा कुछ नहीं देखा है। इन्हें किसने जन्म दिया है, कौन इनका पालन-पोषण कर रहा है? यह गटर की पीढ़ी है. ये लड़कियां अच्छी गृहिणी भी नहीं बन सकतीं." इसी टिप्पणी को लेकर कांग्रेस ने विरोध दर्ज कराया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित