औरैया , सितंबर 25 -- उत्तर प्रदेश के औरैया में पुलिस की गुणवत्तापूर्ण विवेचना और अभियोजन पक्ष की सशक्त पैरवी के चलते अदालत ने हत्या के एक गंभीर मामले में ऐतिहासिक फैसला सुनाया है। उत्तर प्रदेश के पुलिस द्वारा चलाए जा रहे विशेष "ऑपरेशन कनविक्शन" अभियान के तहत औरैया पुलिस को यह महत्वपूर्ण सफलता हासिल हुई है।
आधिकारिक सूत्रों ने शुक्रवार को बताया कि जिला एवं सत्र न्यायालय औरैया ने थाना अजीतमल क्षेत्र के एक चर्चित हत्या कांड में आरोपी को दोषी ठहराते हुए कड़ी सजा से दंडित किया है। जिला एवं सत्र न्यायाधीश ने धारा 302 भारतीय दंड विधान (भादवि) से जुड़े इस मामले में अंतिम सुनवाई करते हुए अभियुक्त सतीश पाल को आजीवन सश्रम कारावास की सजा सुनाई है।
इसके साथ ही अदालत ने अभियुक्त पर 30,000 रुपये का अर्थदंड भी लगाया है। अर्थदंड की राशि न अदा करने पर अभियुक्त को अतिरिक्त कारावास भुगतना होगा। इस मामले में अजीतमल थाना पुलिस और अभियोजन टीम ने घटना के बाद से ही साक्ष्यों का वैज्ञानिक व गुणवत्तापूर्ण संकलन किया था। अदालत में गवाहों के बयान और ठोस सबूतों को समयबद्ध तरीके से प्रस्तुत किया गया, जिसकी बदौलत अभियुक्त को सख्त सजा दिलाई जा सकी। औरैया पुलिस की इस सफलता से जहां अपराध करने वालों में भय का माहौल बना है, वहीं आम जनता में न्याय व्यवस्था और पुलिस प्रशासन के प्रति विश्वास और अधिक मजबूत हुआ है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित