औरैया , सितंबर 19 -- उत्तर प्रदेश में औरैया जिले के बेला थाना क्षेत्र अंतर्गत हरदू मोड़ के समीप शनिवार शाम एक भीषण सड़क हादसे में बाइक सवार हिंदुस्तान पेट्रोलियम (एचपी) के कर्मचारी की मौके पर ही मौत हो गई।

आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि जालौन के माधौगढ़ थाना क्षेत्र स्थित कुदारी गांव निवासी हितेंद्र (30) हिंदुस्तान पेट्रोलियम में कार्यरत थे। वे शनिवार शाम करीब साढ़े सात बजे उमरैन स्थित एक पेट्रोल पंप पर आई शिकायत का निस्तारण करके अपनी बाइक से घर लौट रहे थे। रविवार की छुट्टी होने के कारण वे अपने गांव जा रहे थे, तभी बेला मार्ग पर स्थित हरदू मोड़ के पास किसी अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में हितेंद्र गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े।

घटना के समय पीछे से बाइक पर आ रहे उनके साथी बेला निवासी रविशंकर पुत्र शंभूदयाल ने यह हादसा देखा और तुरंत बेला थाना पुलिस को सूचित किया। मौके पर पहुंची पुलिस ने एंबुलेंस की मदद से घायल हितेंद्र को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बिधूना पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने स्वास्थ्य परीक्षण के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित