औरैया , अक्टूबर 25 -- उत्तर प्रदेश में औरैया जिले के थाना बिधूना क्षेत्र के ग्राम बन्थरा में 23 अक्टूबर 2026 को हुई 62 वर्षीय वृद्ध महिला भूरी देवी की हत्या का पुलिस ने खुलासा किया है। स्वाट, सर्विलांस और थाना बिधूना की संयुक्त पुलिस टीम ने इस सनसनीखेज वारदात में शामिल तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है और एक बाल अपचारी को अपनी अभिरक्षा में लिया है। पुलिस ने इनके कब्जे से चोरी किए गए जेवरात और नकदी भी शत-प्रतिशत बरामद कर ली है।
पुलिस अधीक्षक अभिषेक भारती ने रविवार को यहां यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि मृतका भूरी देवी गांव में अकेली रहती थीं जबकि उनके पति अनंगपाल और परिवार के अन्य सदस्य फरीदाबाद में नौकरी करते हैं। 23 अक्टूबर को डायल 112 के माध्यम से सूचना मिली थी कि घर में उनकी मृत्यु हो गई है, जिसके बाद पुलिस और फॉरेसिंक टीम ने मौके पर पहुंचकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा था। मृतका के पति की तहरीर पर अज्ञात के खिलाफ हत्या और चोरी का मुकदमा दर्ज किया गया था।
पुलिस पूछताछ में मुख्य आरोपी गोलू ने खुलासा किया कि दशहरा से पहले उसकी बातचीत मृतका के जेठ के लड़के की बहू रेनू सेंगर और अपने ममेरे भाई रजित सिंह से हुई थी। रेनू सेंगर ने ही घर में नकदी और आभूषण होने की जानकारी देते हुए चोरी की साजिश रची थी। योजना के तहत गोलू और बाल अपचारी रात में दीवार फांदकर घर के अंदर घुसे और चोरी करने लगे। इस दौरान भूरी देवी के जाग जाने और विरोध करने पर आरोपियों ने तौलिये से उनका गला घोंटकर हत्या कर दी। पकड़े जाने के डर से आरोपी बाद में मृतका के अंतिम संस्कार में भी शामिल हुए थे।
पुलिस ने इस मामले में दानवीर सिंह उर्फ गोलू, रेनू सेंगर, रजित सिंह और एक बाल अपचारी को गिरफ्तार किया है। उनके पास से करीब 60 ग्राम वजन की चांदी की एक जोड़ी तोड़िया, 15 ग्राम वजन की 11 चांदी की बिछिया और 9,400 रुपये नकद बरामद किए गए हैं। पुलिस टीम की इस त्वरित कार्रवाई से घटना का पर्दाफाश हो गया है और आगे की कार्रवाई की जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित