औरैया , सितंबर 24 -- उत्तर प्रदेश में औरैया जिले की कोतवाली बिधूना क्षेत्र के गांव भूठा में बुधवार देर रात एक विवाहिता ने संदिग्ध परिस्थितियों में फांसी लगाकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली।
घटना की जानकारी गुरुवार सुबह हुयी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को फंदे से उतरवाकर पोस्टमार्टम के लिए चिचौली भेज दिया। वहीं फॉरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य एकत्र किए हैं।
आधिकारिक सूत्रों ने गुरुवार को बताया कि भरथना थाना क्षेत्र के ग्राम बनामई निवासी रविंद्र सबिता ने अपनी 27 वर्षीया पुत्री पूनम का विवाह करीब छह वर्ष पूर्व भूठा गांव निवासी योगेंद्र कुमार के साथ किया था। परिजनों के मुताबिक बुधवार देर रात करीब दो बजे पूनम ने घर के आंगन में लगे जंगले से साड़ी का फंदा बनाकर फांसी लगा ली। गुरुवार सुबह करीब सात बजे परिजनों को घटना की जानकारी हुई, जिसके बाद योगेंद्र के चाचा सुशील ने डायल 112 पर पुलिस को सूचित किया।
मृतका अपने पीछे चार वर्षीय पुत्र प्रांशु और नौ माह की मासूम पुत्री निधि को छोड़ गई है। घटना की सूचना मिलते ही मृतका के मायके पक्ष के लोग भी गांव पहुंच गए, जिसके बाद से क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं व्याप्त हैं। बिधूना कोतवाली प्रभारी निरीक्षक वीनेश कुमार ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। फिलहाल मायके या ससुराल पक्ष से कोई लिखित तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। तहरीर मिलते ही सुसंगत धाराओं में विधिक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस मामले के हर पहलू को ध्यान में रखकर गहनता से जांच कर रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित