औरैया , सितम्बर 08 -- उत्तर प्रदेश में औरैया जिले के कोतवाली बिधूना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले गांव मुर्चा में मंगलवार की शाम एक युवती ने संदिग्ध परिस्थितियों में फांसी लगाकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली।
आधिकारिक सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, मुर्चा गांव निवासी मजदूर रामविलास की 18 वर्षीय पुत्री मुस्कान उर्फ सुंदरी ने मंगलवार की शाम करीब चार बजे अपने ही घर के एक कमरे में फांसी का फंदा लगा लिया। घटना के वक्त जब परिजनों की नजर कमरे में लटकते शव पर पड़ी, तो घर में चीख-पुकार मच गई। मृतका के पिता मजदूरी करके परिवार का पालन-पोषण करते हैं। मृतका की दो बहनों की शादी हो चुकी है, जबकि उसका भाई बाहर रहकर नौकरी करता है।
युवती द्वारा उठाए गए इस आत्मघाती कदम के पीछे के वास्तविक कारणों का अभी तक खुलासा नहीं हो सका है। अचानक घटी इस घटना से परिजन और ग्रामीण पूरी तरह स्तब्ध हैं। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस की टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। कोतवाली निरीक्षक विनेश कुमार सिंह ने बताया कि फोरेंसिक टीम बुलाई गई है। टीम द्वारा साक्ष्य जुटाए जाने के बाद शव को फंदे से उतार पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा जाएगा। पुलिस ने मामले की हर पहलू से गहनता से जांच शुरू कर दी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित