औरैया , अक्टूबर 12 -- उत्तर प्रदेश में औरैया जिले के ऐरवाकटरा थाना क्षेत्र के नगरिया राजाराम गांव में सोमवार को घरेलूविवाद के चलते छोटे बेटे ने गुस्से में आकर अपने बुजुर्ग पिता के सिर पर डंडे से ताबड़तोड़ वार कर दिए, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी बेटा मौके से फरार हो गया।

पुलिस सूत्रों ने बताया कि मृतक की पहचान 75 वर्षीय कंचन सिंह नायक के रूप में हुई है। घटना के वक्त कंचन सिंह घर के बाहर चारपाई पर लेटे हुए थे। इसी दौरान उनके छोटे बेटे आजाद नायक ने अचानक गुस्से में आकर उन पर हमला बोल दिया। हमले के वक्त घर पर छह वर्षीय पोती गुंजन मौजूद थी, जिसने अपनी मां कौशल्या नायक को पूरी घटना की जानकारी दी कि चाचा ने बाबा को डंडा मार दिया है। कौशल्या जब तक दौड़कर मौके पर पहुंचीं, तब तक कंचन सिंह की सांसें थम चुकी थीं।

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक की पत्नी का पहले ही निधन हो चुका है। उनके परिवार में दो बेटे रवि और आजाद तथा तीन बेटियां पारो, रवीना और सरोज हैं। बड़ा बेटा रवि बाहर रहकर नौकरी करता है, जबकि उसकी पत्नी कौशल्या अपने पांच बच्चों आर्यन, अंजली, अनुष्का, रितिक और गुंजन के साथ गांव में ही रहती है।

रिश्तेदारी में एक कार्यक्रम होने के कारण गुंजन को छोड़कर परिवार के बाकी बच्चे बाहर गए हुए थे, जिससे घर पर उस समय ज्यादा लोग मौजूद नहीं थे। इस जघन्य वारदात के बाद पूरे गांव में मातम और सनसनी फैली हुई है। ऐरवाकटरा थाने के थानाध्यक्ष गंगादास गौतम ने बताया कि आरोपी बेटा घटना के बाद से फरार है। परिजनों की ओर से तहरीर मिलने पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस मामले के अन्य पहलुओं की गहराई से जांच कर रही है और आरोपी की तलाश में दबिश दी जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित