औरैया , अगस्त 12 -- उत्तर प्रदेश में औरैया जिले के अजीतमल कोतवाली क्षेत्र में बुधवार तड़के पुलिस, स्वाट और सर्विलांस की संयुक्त टीम के साथ हुई मुठभेड़ में 25 हजार रुपये का इनामी गोवध आरोपी मुबारक हुसैन उर्फ राजा गोली लगने से घायल हो गया, जिसे पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से 315 बोर का तमंचा, चार जिंदा कारतूस, दो खोखे और बिना नंबर की मोटरसाइकिल बरामद की गई है।

पुलिस सूत्रों ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि गोवध के मामले में काफी समय से वांछित मुबारक हुसैन उर्फ राजा अजीतमल क्षेत्र से होकर भागने की फिराक में है। सूचना के आधार पर पुलिस, स्वाट और सर्विलांस टीम ने भीखेपुर-जुआ मार्ग पर वाहन चेकिंग शुरू की।

इसी दौरान भीखेपुर की ओर से बिना नंबर की मोटरसाइकिल पर आ रहे एक संदिग्ध व्यक्ति को पुलिस टीम ने रुकने का इशारा किया। पुलिस के अनुसार, संदिग्ध हड़बड़ा गया और मोटरसाइकिल अनियंत्रित होकर सड़क पर गिर गई। इसके बाद उसने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। आरोपी की ओर से की गई फायरिंग में एक गोली थाना प्रभारी की जीप में लगी।

पुलिस टीम ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें एक गोली आरोपी के दाहिने पैर में लगी। गोली लगने से घायल आरोपी को पुलिस ने घेराबंदी कर पकड़ लिया और उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अजीतमल में भर्ती कराया।

क्षेत्राधिकारी अजीतमल मनोज गंगवार ने बताया कि गिरफ्तार मुबारक हुसैन उर्फ राजा इस्लामनगर (बाबरपुर) का निवासी है और उस पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित था। प्रारंभिक जांच में उसके खिलाफ विभिन्न थानों में गोवध समेत अन्य गंभीर धाराओं में डेढ़ दर्जन से अधिक मुकदमे दर्ज होने की जानकारी सामने आई है। पुलिस ने बरामद तमंचा, कारतूस, खोखे और मोटरसाइकिल को कब्जे में लेकर आरोपी के खिलाफ आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित