औरैया , सितंबर 09 -- उत्तर प्रदेश में औरैया जिले के थाना बेला क्षेत्र के ग्राम पट्टी ज्ञानी में जन्माष्टमी के दिन हुई महिला की सनसनीखेज हत्या का पुलिस ने खुलासा करते हुए आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है। संयुक्त पुलिस टीम ने आरोपी के पास से वारदात में इस्तेमाल दो अंगौछे भी बरामद किए हैं। चरित्र पर शक और संपत्ति विवाद के कारण आरोपी ने इस खौफनाक वारदात को अंजाम दिया था।
पुलिस अधीक्षक अभिषेक भारती ने बुधवार को अपने कार्यालय में आयोजित पत्रकार वार्ता के दौरान घटना का खुलासा किया। उन्होंने बताया कि थाना बेला क्षेत्र के ग्राम पट्टी ज्ञानी निवासी तेजराम राजपूत की पुत्री रेखा की शादी वर्ष 2015 में कन्नौज के अचनकापुर निवासी प्रमोद कुमार के साथ हुई थी। रेखा अपने पिता की इकलौती संतान थी, जिसके नाम पर तीन बीघा जमीन और एक प्लॉट था। संपत्ति के कारण प्रमोद अपनी पत्नी और तीन बच्चों के साथ ससुराल में ही रह रहा था। वह पत्नी के चरित्र पर शक करता था और इसी डर से उसने जमीन तथा प्लॉट अपने नाम भी करवा लिया था।
चार सितंबर को जन्माष्टमी के दिन दोनों के बीच इसी बात को लेकर तीखी बहस हुई। विवाद बढ़ने पर गुस्से में आकर प्रमोद ने अंगौछे से रेखा का गला, मुंह और नाक दबाकर उसे मौत के घाट उतार दिया। वारदात के समय घर में बच्चे या अन्य कोई सदस्य मौजूद नहीं था। हत्या करने के बाद आरोपी ने कमरे में ताला बंद किया और खेत पर जाकर अपने ससुर तेजराम को घटना की जानकारी दी। इसके बाद वह कमरे की चाबी ससुर को सौंपकर मौके से फरार हो गया।
सूचना मिलने पर पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। मृतका के पिता की तहरीर पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1), 352 और 351(3) के तहत मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू की।
थाना बेला, एसओजी और सर्विलांस की संयुक्त पुलिस टीम ने जांच के दौरान मुखबिर की सटीक सूचना पर तिर्वा रोड बॉर्डर बैरियर के पास भदौरा मोड़ से आरोपी प्रमोद कुमार को धर दबोचा। पुलिस टीम में थाना बेला प्रभारी निरीक्षक अमर बहादुर सिंह, सर्विलांस/स्वाट टीम प्रभारी उपनिरीक्षक समित चौधरी और उपनिरीक्षक संदीप सिंह शामिल रहे। पुलिस आरोपी के आपराधिक इतिहास की जानकारी जुटा रही है और उसके खिलाफ अग्रिम कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित