औरैया , जनवरी 23 -- उत्तर प्रदेश में औरैया जिले की थाना बेला पुलिस, एसओजी और सर्विलांस की संयुक्त टीम ने मंडी रोड क्षेत्र में हुए कत्ल की गुत्थी सुलझाते हुए मृतक की पत्नी और उसके प्रेमी को गिरफ्तार कर लिया है। पकड़े गए अभियुक्तों के पास से हत्या में प्रयुक्त अवैध तमंचा, कारतूस और मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं।

अपर पुलिस अधीक्षक आलोक मिश्रा ने शुक्रवार को यहां बताया कि बीती 17 जनवरी की रात मंडी रोड निवासी अरविंद कुमार की उसके घर में ही गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। मृतक के भाई अशोक कुमार ने अज्ञात के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कराया था। पुलिस अधीक्षक औरैया के निर्देशन में टीमों का गठन कर जब जांच शुरू की गई, तो मामला अवैध संबंधों से जुड़ा निकला।

पूछताछ में मुख्य अभियुक्त योगेंद्र शाक्य उर्फ पप्पू ने जुर्म कबूल करते हुए बताया कि मृतक की पत्नी प्रिया से उसके पिछले एक साल से प्रेम संबंध थे। वे दोनों साथ रहना चाहते थे, लेकिन अरविंद उनके रिश्ते में बाधा बन रहा था। 17 जनवरी की रात योजना के अनुसार, प्रिया ने योगेंद्र को घर में बुलाकर कमरे में छिपा दिया। जब अरविंद नशे की हालत में घर लौटा और सो गया, तब योगेंद्र ने तमंचे से उसे गोली मार दी और फरार हो गया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित