औरैया , जुलाई 25 -- उत्तर प्रदेश में औरैया जिले के ऐरवाकटरा थाना क्षेत्र में शनिवार सुबह तेज रफ्तार बाइक की टक्कर से मोपड सवार व्यक्ति की मौत हो गयी।
पुलिस ने बताया कि देईपुर गांव निवासी गिरीशचंद्र गुप्ता (49) आज सुबह मोपेड पर गेहूं लादकर पडारा स्थित आटा चक्की पर पिसवाने जा रहे थे। वह जैसे ही आटा चक्की के समीप पहुंचे, तभी पीछे से आ रही एक तेज रफ्तार बाइक ने उनकी मोपेड में जोरदार टक्कर मार दी। इस भीषण दुर्घटना में मोपेड सवार गिरीशचंद्र और बाइक चालक जितेंद्र कुमार (22) गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) ले जाया गया। वहां डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद गिरीशचंद्र को मृत घोषित कर दिया। वहीं गंभीर रूप से घायल बाइक सवार जितेंद्र को प्राथमिक इलाज देने के बाद बेहतर उपचार के लिए सैफई रेफर कर दिया गया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित