औरैया , अगस्त 26 -- उत्तर प्रदेश में औरैया जिले के अजीतमल थाना क्षेत्र में बुधवार को आत्महत्या के दो अलग-अलग मामले सामने आए हैं।

आधिकारिक सूत्रों ने बुधवार को बताया कि पहली घटना शाहपुर लालपुर गांव की है, जहां शराब के नशे में घर पहुंचे 38 वर्षीय तेज सिंह राठौर का अपनी पत्नी संगीता और पिता से किसी बात को लेकर विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ा कि तेज सिंह ने परिजनों से मारपीट शुरू कर दी। डर के मारे पत्नी अपने दो बच्चों (दिव्यांशु और दीपांशु) को लेकर गांव में ही रिश्तेदार के घर चली गई, जबकि पिता भी घर से बाहर निकल गए।

देर रात जब पत्नी और बच्चे वापस लौटे, तो तेज सिंह का शव घर के बाहर बने कमरे में पंखे के हुक से दुपट्टे के सहारे लटकता मिला। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को फंदे से उतारकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। कोतवाली प्रभारी विनोद कुमार राजपूत के अनुसार, मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।

वहीं दूसरी घटना आगरा-कानपुर हाईवे पर मुरादगंज के पास की है। मुरादगंज नई बस्ती निवासी 35 वर्षीय गिरन्द ने अज्ञात कारणों के चलते हाईवे किनारे सर्विस रोड पर स्थित एक नीम के पेड़ से फांसी लगा ली। मृतक के बाबा महेंद्र सिंह ने घटना की जानकारी बुधवार को दिन में 11:30 बजे पुलिस को दी। मौके पर पहुंची अजीतमल थाना पुलिस ने शव को पेड़ से नीचे उतरवाया और आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू की। युवक ने यह आत्मघाती कदम क्यों उठाया, इसके कारणों का फिलहाल पता नहीं चल सका है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित