औरैया , अक्टूबर 25 -- उत्तर प्रदेश में औरैया जिले की सदर कोतवाली क्षेत्र में रविवार दोपहर एक तेज रफ्तार टैंकर ने बाइक सवारों को जोरदार टक्कर मार दी। इस भीषण हादसे में दो युवतियों की मौके पर ही मौत हो गई जबकि एक अन्य युवती गंभीर रूप से घायल हो गई। उसे प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए बड़ा अस्पताल स्थानांतरित कर दिया गया।
आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि घटना आज दोपहर करीब डेढ़ बजे की है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, शास्त्री नगर बाबरपुर अजीतमल निवासी बृजेश की दो बेटियां छाया (17) और वर्षा (20), तथा कानपुर देहात के बरौर निवासी राजू की बेटी मनीषा (15) दो अलग-अलग बाइकों पर सवार थीं। छाया और वर्षा अपने भाई रामू के साथ एक बाइक पर थीं, जबकि मनीषा अपने भाई अनिकेत के साथ दूसरी बाइक पर सवार होकर उसे घर छोड़ने जा रही थी। सदर कोतवाली क्षेत्र में पहुंचते ही एक तेज रफ्तार टैंकर ने उनकी बाइकों को रौंद दिया, जिससे सभी सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही एंबुलेंस मौके पर पहुंची और मेडिकल टीम के सदस्यों ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में डॉक्टरों ने छाया और मनीषा को मृत घोषित कर दिया जबकि गंभीर रूप से घायल वर्षा की हालत नाजुक बनी हुई है। घटना की सूचना मिलते ही सदर कोतवाली पुलिस तत्काल मौके पर पहुंच गई। कोतवाली प्रभारी जितेंद्र तिवारी ने बताया कि हादसे में शामिल टैंकर को कब्जे में ले लिया गया है। पुलिस ने दोनों मृत युवतियों के शवों का पंचनामा भरकर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित