औरैया , सितम्बर 08 -- उत्तर प्रदेश में औरैया जिले की कोतवाली अजीतमल क्षेत्र के सांफर गांव में दो दिन से लापता वृद्ध का शव मंगलवार सुबह घर से कुछ दूरी पर स्थित तालाब में उतराता मिला।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि सांफर गांव निवासी दया शंकर त्रिपाठी (61) रविवार शाम अचानक घर से कहीं चले गए थे। देर रात तक वापस न लौटने पर परिजनों ने उनकी काफी खोजबीन की, लेकिन उनका कोई सुराग नहीं लगा। मंगलवार सुबह ग्रामीणों ने घर से महज 200 मीटर की दूरी पर स्थित तालाब में एक शव उतराता देखा। पास जाकर देखा गया तो मृतक की पहचान गायब दया शंकर त्रिपाठी के रूप में हुई।
घटना की जानकारी मिलते ही कोतवाली प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से शव को पानी से बाहर निकलवाया और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया।
प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि मौत के सही कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा, फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित