औरैया , अगस्त 08 -- उत्तर प्रदेश में औरैया जिले की कोतवाली बिधूना क्षेत्र के अंतर्गत किशनी रोड पर स्थित सहसपुर मोड़ के पास मंगलवार को एक तेज रफ्तार ट्रक की चपेट में आने से बाइक सवार शिक्षक की मृत्यु हो गयी जबकि सड़क किनारे खड़े एक अन्य बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गया।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि ऐरवा टीकुर निवासी शरद उर्फ रंजी पोरवाल ऐरवा कटरा स्थित एक निजी विद्यालय में शिक्षण कार्य करते थे। वह अपने माता-पिता की इकलौती संतान थे। मंगलवार को शरद बिधूना स्थित सेंट्रल बैंक में किसी व्यक्तिगत काम से आए हुए थे। अपना काम पूरा करने के उपरांत जब वह बाइक से ऐरवा लौट रहे थे, उसी दौरान सहसपुर मोड़ के पास सामने से आ रहे एक अनियंत्रित ट्रक ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि शरद दूर जाकर गिरे और अत्यधिक चोटें आने तथा हाथ कटकर अलग हो जाने के कारण उनकी मौके पर ही सांसें थम गईं।
शरद को रौंदने के बाद भी ट्रक की गति पर ब्रेक नहीं लग सका और उसने सड़क किनारे खड़े निवाजपुर निवासी नवीन तिवारी को भी जोरदार टक्कर मार दी। नवीन अपने भाई प्रवीण के साथ पहचान पत्र में संशोधन कराकर लौट रहे थे और सहसपुर मोड़ पर क्षण भर के लिए रुके ही थे कि दुर्घटना का शिकार हो गए।
घटना की सूचना पर 112 डायल पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और लहूलुहान नवीन को बिधूना सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया। प्राथमिक उपचार के बाद नवीन की नाजुक स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें हायर सेंटर रेफर कर दिया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित