औरैया , अप्रैल 20 -- उत्तर प्रदेश में औरैया जिले के ऐरवाकटरा थाना क्षेत्र में सोमवार को बस स्टैंड के पास एक तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार परिवार को जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में मां और उसके तीन वर्षीय बेटे की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पति और पांच माह की मासूम बच्ची बाल-बाल बच गए।
आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि कन्नौज जिले के ग्राम शिवसिंहपुर निवासी शिवम अपनी पत्नी शिवानी, तीन वर्षीय बेटे पुष्पम और पांच माह की बेटी सिद्धी के साथ बाइक पर सवार होकर सहायल क्षेत्र के पूरा कला गांव स्थित अपने मामा के घर जा रहे थे। जैसे ही उनकी बाइक ऐरवा बस स्टैंड के पास पहुंची, पीछे से आ रहे एक अनियंत्रित ट्रक ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि शिवानी और उनके बेटे पुष्पम ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। गनीमत रही कि हादसे में शिवम और उनकी पांच महीने की बेटी सुरक्षित बच गए, जिन्हें मामूली चोटें आई हैं। घटना की सूचना मिलते ही ऐरवाकटरा थानाध्यक्ष विनेश कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे।
पुलिस ने तत्काल दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस ने दुर्घटना को अंजाम देने वाले ट्रक को जब्त कर लिया है और चालक के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित