औरैया , मई 31 -- उत्तर प्रदेश के औरैया जिले में कोतवाली बिधूना, स्वाट और सर्विलांस की संयुक्त पुलिस टीम को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने कस्बा बिधूना के मोहल्ला सूरजपुर में हुई बुजुर्ग महिला की सनसनीखेज हत्या का महज चार दिनों के भीतर सफल अनावरण करते हुए मुख्य आरोपी को आलाकत्ल (हत्या में प्रयुक्त चाकू) और लूटे गए शत-प्रतिशत जेवरात के साथ गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस अधीक्षक अभिषेक भारती ने रविवार को यहां यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि पकड़े गए अभियुक्त की पहचान टीटू उर्फ आशीष पुत्र स्वर्गीय रामकरन द्विवेदी के रूप में हुई है, जो मूल रूप से इसी गांव का रहने वाला है और वर्तमान में कानपुर नगर के विकास नगर में रह रहा था। घटना का खुलासा करते हुए पुलिस अधीक्षक ने बताया कि बीते 27 मई 2026 को बिधूना कोतवाली नगर क्षेत्र के मोहल्ला सूरजपुर में एक बंद मकान के भीतर 65 वर्षीय बुजुर्ग महिला संतोष कुमारी का शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया था।

मृतका के पुत्र जैनेन्द्र कुमार की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज किया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए उच्चाधिकारियों के निर्देश पर घटना के त्वरित अनावरण के लिए टीमों का गठन किया गया था। संयुक्त पुलिस टीम ने कड़ी मशक्कत और मुखबिर की सटीक सूचना पर रविवार, 31 मई की रात करीब 02:05 बजे कमलपुर नहर पट्टी के पास से अभियुक्त टीटू को दबोच लिया।

पुलिस पूछताछ में अभियुक्त ने अपना जुर्म कबूल करते हुए बेहद चौंकाने वाला खुलासा किया है। अभियुक्त ने बताया कि मृतका संतोष कुमारी रिश्ते में उसकी बुआ लगती थीं और घर में अकेली रहती थीं, क्योंकि उनका बेटा परिवार सहित मध्य प्रदेश के विदिशा में रहता है। बीती 25 मई को अभियुक्त मृतका के घर गया था, जहां मृतका ने उसकी मां के चरित्र पर बार-बार अभद्र टिप्पणियां कीं। विरोध करने पर बुजुर्ग महिला ने उसे एक थप्पड़ मार दिया।

इसी बात से आक्रोशित होकर और अत्यधिक शराब के नशे में धुत अभियुक्त ने रात करीब 11:30 बजे कुर्सी पर बैठी अपनी बुआ की गर्दन पर चाकू से ताबड़तोड़ 5-6 वार कर उन्हें मौत के घाट उतार दिया। वारदात को अंजाम देने के बाद शातिर अभियुक्त ने सबूत मिटाने के उद्देश्य से मृतका का मोबाइल बाथरूम में फेंक दिया। इसके बाद उसने मृतका के शरीर से सोने के कुंडल और चांदी की पायल उतार ली। हत्या में इस्तेमाल चाकू को पास के ही एक खाली प्लॉट में छिपाकर और मृतका के घर के मुख्य दरवाजे पर ताला लगाकर वह मौके से फरार हो गया था।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित