औरैया , मार्च 21 -- उत्तर प्रदेश के औरैया जिले में फफूंद रेलवे स्टेशन पर शनिवार को चलती ट्रेन में चढ़ने के प्रयास में एक उपनिरीक्षक की गिरकर मौत हो गई।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि बांदा जिले के उमरखा मरका निवासी सूरज बली (55) औरैया जिला न्यायालय में उपनिरीक्षक के पद पर तैनात थे। वह शनिवार को अपने घर जाने के लिए फफूंद स्टेशन पहुंचे थे।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, दोपहर में कामाख्या एक्सप्रेस धीमी गति से स्टेशन से गुजर रही थी, जो वहां नहीं रुकती है। इसी दौरान सूरज बली ने ट्रेन में चढ़ने का प्रयास किया, लेकिन पैर फिसलने से वह प्लेटफॉर्म पर गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गए।
मौके पर मौजूद एक सफाईकर्मी ने तत्परता दिखाते हुए उन्हें ट्रेन की चपेट में आने से बचा लिया, लेकिन गिरने से उनके सिर और मुंह में गंभीर चोटें आईं। उन्हें तत्काल एंबुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दिबियापुर ले जाया गया, जहां से हालत गंभीर होने पर मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। उपचार के दौरान उनकी मृत्यु हो गई।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित