औरैया , अगस्त 11 -- उत्तर प्रदेश में औरैया जिले के कोतवाली बिधूना क्षेत्र में घरेलू विवाद से क्षुब्ध होकर एक ई-रिक्शा चालक ने खेत में पेड़ से फांसी लगाकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली।

सोमवार देर शाम से लापता युवक का शव मंगलवार दोपहर को उसके अपने ही खेत में लटकता हुआ मिला। आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि मृतक की पहचान चंदरपुर गांव निवासी योगेश त्रिवेदी (30) के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, सोमवार की देर शाम घर में किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई थी। इसके बाद योगेश अचानक घर से कहीं चला गया। काफी देर तक वापस न लौटने पर परिजनों ने उसकी काफी खोजबीन की और रिश्तेदारों के यहां भी संपर्क किया, लेकिन उसका कोई पता नहीं चल सका। मंगलवार दोपहर जब ग्रामीण खेतों की तरफ गए तो उन्होंने योगेश का शव पेड़ से रस्सी के सहारे लटका देखा, जिसके बाद तुरंत पुलिस और परिजनों को सूचित किया गया।

सूचना पर पहुंची कोतवाली पुलिस ने ग्रामीणों की सहायता से शव को पेड़ से नीचे उतरवाया। मृतक योगेश ई-रिक्शा चलाकर अपने परिवार का पालन-पोषण करता था। कोतवाल वीनेश जादौन ने बताया कि प्राथमिक जांच में यह मामला आत्महत्या का ही प्रतीत हो रहा है। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस का कहना है कि मौत के सही कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही होगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित