औरैया , अगस्त 08 -- उत्तर प्रदेश में औरैया जिले के थाना फफूंद क्षेत्र के गांव फतेहपुर लखमी में घरेलू कलह से तंग आकर एक किसान ने फांसी लगाकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। शुक्रवार रात शराब के नशे में घर पहुंचे किसान का परिजनों से विवाद हो गया था, जिसके बाद उसने यह खौफनाक कदम उठाया।
आधिकारिक सूत्रों ने शनिवार को बताया कि फतेहपुर लखमी गांव निवासी अरविंद कुमार परिहार (50) खेती-किसानी करके अपने परिवार का पेट पालते थे। शुक्रवार रात वह अत्यधिक शराब के नशे में घर पहुंचे थे। किसी बात को लेकर उनका परिजनों के साथ तीखा विवाद हो गया। झगड़े से क्षुब्ध होकर अरविंद देर रात ही बिना बताए घर से निकल गए।
उन्होंने घर के बाहर स्थित नीम के पेड़ पर रस्सी का फंदा बनाया और उस पर झूल गए। शनिवार सुबह जब परिजन जागे, तो उनकी नजर पेड़ से लटके अरविंद पर पड़ी। आनन-फानन में परिजनों ने उन्हें फंदे से नीचे उतारा और तुरंत इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज लेकर पहुंचे। हालांकि, वहां डॉक्टरों ने प्राथमिक जांच के बाद ही उन्हें मृत घोषित कर दिया।
किसान की अचानक हुई मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। मृतक अपने पीछे पत्नी ललिता देवी, चार बेटों-अनुराग (23), हिमांशु (15), अतुल (12), अखिलेश (10) और एक बेटी शिवानी को छोड़ गए हैं। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और गांव में मातम का माहौल छा गया है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। फफूंद थानाध्यक्ष अजय कुमार ने बताया कि शव का पंचनामा भरकर उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है और मौत की सही वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही पूरी तरह स्पष्ट हो सकेगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित