औरैया , अगस्त 03 -- उत्तर प्रदेश में औरैया जिले की सदर कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत बिरिया भट्ठा के पास सोमवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। कन्नौज के मेहंदी घाट से जल भरकर देवकली मंदिर में कांवड़ अर्पित करने के बाद घर लौट रहे दो चचेरे भाइयों की बाइक अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खंभे से टकरा गई। इस भीषण दुर्घटना में 16 वर्षीय छात्र की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका चचेरा भाई गंभीर रूप से घायल हो गया।

आधिकारिक सूत्रों ने सोमवार को यहां यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि हादसे की सूचना मिलते ही सदर कोतवाल राजकुमार सिंह और सीओ सदर शैलेंद्र सिंह पुलिस बल के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घायल युवक को तत्काल इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया, वहीं मृतक के शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

मृतक के चाचा कप्तान सिंह राजपूत के अनुसार, दिबियापुर कस्बे के रामकृष्ण नगर निवासी अभिरुद्ध प्रताप सिंह (16) पुत्र स्वर्गीय सुरजीत सिंह अपने ताऊ के बेटे विवेक राजपूत पुत्र विनोद राजपूत के साथ अन्य कांवड़ियों के समूह के साथ वापस दिबियापुर स्थित अपने घर लौट रहा था। जैसे ही वे बिरिया भट्ठा के पास पहुंचे, उनकी बाइक का संतुलन बिगड़ गया और वह सीधे खंभे से जा टकराई। टक्कर इतनी तेज थी कि अभिरुद्ध की मौके पर ही सांसें थम गईं, जबकि विवेक का जबड़ा टूट गया और उसके सीने में गंभीर चोटें आई हैं।

मृतक अभिरुद्ध दिबियापुर के सेंट साईं नाथ स्कूल में कक्षा नौ का छात्र था। उसके पिता सुरजीत की चार साल पहले ही बीमारी के कारण मौत हो चुकी थी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित