औरैया , अगस्त 24 -- उत्तर प्रदेश में औरैया जिले के कोतवाली अजीतमल क्षेत्र में सोमवार दोपहर घर में रखे फर्राटा पंखे में अचानक उतरे करंट की चपेट में आने से मां-बेटे गंभीर रूप से झुलस गए। इस दुखद हादसे में किशोर की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसकी मां की हालत अत्यंत चिंताजनक बनी हुई है।

आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि बेरी कपरिया निवासी गंगू उर्फ रजत शर्मा (16) और उसकी मां प्रेमा देवी(45) घर पर मौजूद थे। सोमवार दोपहर करीब साढ़े बारह बजे घर में रखे फर्राटा पंखे में अचानक तेज करंट उतर आया। जब तक दोनों स्थिति को समझ पाते, तब तक बिजली का जोरदार झटका लगने से वे बुरी तरह झुलसकर गिर पड़े। हादसे के तुरंत बाद घबराए परिजन और ग्रामीण आनन-फानन में दोनों को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अजीतमल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद किशोर को मृत घोषित कर दिया।

वहीं प्राथमिक उपचार के बाद प्रेमा देवी की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए औरैया के 100 बेड अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया। घटना की सूचना मिलते ही अजीतमल पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंची और पूरे मामले की जानकारी जुटाई।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित