औरैया , अक्टूबर 02 -- उत्तर प्रदेश के औरैया जिले में अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत औरैया पुलिस की संयुक्त टीम ने एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए अवैध शस्त्र बनाने की फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया है। थाना दिबियापुर तथा स्वाट/सर्विलांस की संयुक्त पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए मौके से एक आरोपी को गिरफ्तार किया है, जिसके कब्जे से भारी मात्रा में बने व अधबने अवैध असलहे, कारतूस और शस्त्र बनाने के उपकरण बरामद हुए हैं।

पुलिस अधीक्षक अभिषेक भारती ने शुक्रवार को बताया कि चेकिंग अभियान के दौरान मुखबिर से सूचना मिली थी कि मलकापुर के खेतों में स्थित एक ट्यूबवेल के पास अवैध रूप से शस्त्र निर्माण की फैक्ट्री चलाई जा रही है। इस सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर मौके पर अचानक दबिश दी। पुलिस को देखते ही आरोपी ने भागने का प्रयास किया, लेकिन मुस्तैद टीम ने उसे शाम के समय मौके से धर दबोचा। जांच में सामने आया कि आरोपी विद्युत ट्रांसफार्मर से केबल जोड़कर वेल्डिंग और ग्राइंडर मशीन के जरिए असलहे तैयार कर रहा था।

पकड़े गए अभियुक्त की पहचान विनोद कुमार राजपूत, निवासी नंदपुर (थाना दिबियापुर, जनपद औरैया) के रूप में हुई है। पूछताछ के दौरान आरोपी ने स्वीकार किया कि वह पेशे से वेल्डिंग का काम करता है और इसी की आड़ में अधिक पैसे कमाने के लालच में अवैध तमंचे बनाकर दूर-दराज के इलाकों में ऊंचे दामों पर बेचा करता था। आरोपी का पूर्व में भी आपराधिक इतिहास रहा है और उसके खिलाफ आर्म्स एक्ट व अन्य धाराओं में मामले दर्ज हैं।

कार्रवाई के दौरान पुलिस ने मौके से कुल 19 बने हुए तमंचे, 12 अधबने तमंचे, विभिन्न बोर के 20 जिंदा कारतूस, 18 खोखा कारतूस, लोहे की नाल, वेल्डिंग मशीन, ड्रिल मशीन, ग्राइंडर और शस्त्र बनाने में इस्तेमाल होने वाले अन्य कई उपकरण बरामद किए हैं। गिरफ्तार करने वाली संयुक्त टीम में निरीक्षक अपराध राजेश कुमार, स्वाट/सर्विलांस सेल प्रभारी उपनिरीक्षक समित चौधरी, और हरचंदपुर चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक आनंद कुमार शर्मा मय टीम शामिल रहे। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ थाना दिबियापुर में आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित