औरैया , अक्टूबर 17 -- उत्तर प्रदेश के औरैया जिले में अछल्दा रेलवे क्रॉसिंग 13-बी के पास शनिवार सुबह एक भीषण हादसे में मामा-भांजे की मौत हो गई। दोनों युवक सूरत से ट्रेन द्वारा अपने घर लौट रहे थे और घर से चंद कदम की दूरी पर तेज रफ्तार अमृत भारत एक्सप्रेस की चपेट में आ गए। घटना शनिवार सुबह करीब सवा छह बजे की है।

आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि दोनों युवक अछल्दा स्टेशन की तरफ से पैदल क्रॉसिंग की ओर आ रहे थे, तभी पीछे से आ रही तेज रफ्तार अमृत भारत एक्सप्रेस ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों उछलकर करीब 50 मीटर दूर जा गिरे और मौके पर ही उनकी मौत हो गई।

हादसे के बाद लोको पायलट ने इमरजेंसी ब्रेक लगाकर ट्रेन रोकी और कुछ देर बाद गंतव्य के लिए रवाना हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, सुबह करीब छह बजे स्टेशन पर आई मेमू ट्रेन से उतरकर दोनों पैदल घर जा रहे थे। मृतकों की शिनाख्त राजू और उसके मामा कृष्णा के रूप में हुई है।

परिजनों ने बताया कि दोनों सूरत में काम करते थे और वहीं से लौट रहे थे। राजू की तबीयत खराब होने के कारण उसका मामा कृष्णा उसे छोड़ने साथ आ रहा था। राजू अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था, जिसके परिवार में उसकी पत्नी और दो साल का बेटा है। वहीं, मामा कृष्णा पांच भाइयों में सबसे बड़ा था। इस हृदयविदारक घटना से दोनों के परिवारों में कोहराम मच गया है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना की सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस व जीआरपी ने आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित