औरंगाबाद , जुलाई 25 -- औरंगाबाद में नीट पेपर लीक के विरोध में शनिवार को प्रदर्शनकारियों ने जमकर उपद्रव किया।

जिला प्रशासन ने आज माहौल को देखते हुए एहतियात के तौर पर पूरे शहर को छावनी में तब्दील कर दिया गया था। इसके बावजूद प्रदर्शनकारियों का समूह सड़कों पर उतर आया। शहर के रमेश चौक पर प्रदर्शनकारियों की पुलिस से सीधी भिड़ंत हो गई। इस क्रम में रमेश चौक और आसपास का इलाका रणक्षेत्र में तब्दील हो गया।

उपद्रवियों ने अपने प्रदर्शन के क्रम में पुलिस पर जमकर रोड़े बरसाए। जवाब में पुलिस ने आंसू गैस के गोले दागे और लाठीचार्ज किया। पुलिस ने भी प्रदर्शनकारियों को दौड़ा - दौड़ा कर पीटा। इसके बाद काफी देर तक रमेश चौक और आसपास के इलाके में तनावपूर्ण स्थिति बनी रही।

इस दौरान उपद्रवियों की ओर से की गयी पत्थरबाजी से पत्रकार सहित कुछ पुलिसकर्मी घायल हो गए। एक पत्रकार का सिर फट गया, जबकि एक पुलिसकर्मी भी गंभीर रूप से घायल हो गया। दोनों का इलाज सदर अस्पताल में कराया गया। फिलहाल दोनों की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।

दूसरी तरफ पुलिस ने जवाबी कार्रवाई करते हुए एक दर्जन से अधिक उपद्रवियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार सभी आरोपियों को नगर थाना भेजा गया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित