औरंगाबाद , जुलाई 29 -- िहार के औरंगाबाद जिले के दाउदनगर थाना क्षेत्र में बुधवार को ट्रक की चपेट में आने से सेवानिवृत्त शिक्षक की मौत हो गई। पुलिस सूत्रों ने बताया कि मृतक की पहचान दाउदनगर शहर के वार्ड संख्या-16 स्थित रामनगर निवासी विजय सिंह के रूप में की गई है। विजय सिंह अपनी पत्नी को दाउदनगर स्थित बीआरसी छोड़ने बाइक से गए थे। उनकी पत्नी सरकारी विद्यालय में शिक्षिका हैं। पत्नी को छोड़ने के बाद घर लौटने के क्रम में कुर्बान बिगहा के समीप पटना की ओर से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। इस दुर्घटना में विजय सिंह की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। इस बीच स्थानीय ग्रामीणों ने पीछा कर ट्रक को पकड़ लिया।

सूत्रों ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया है। पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित