नयी दिल्ली , मार्च 2 -- औद्योगिक उत्पादन सूचकांक के आधार पर देश के औद्योगिक उत्पादन की वृद्धि दर जनवरी माह में मासिक आधार पर 4.8 प्रतिशत है।

जनवरी के आंकड़े दर्शाते हैं कि घरेलू औद्योगिक क्षेत्रों में गत वर्ष अक्टूबर के बाद जो तेज उछाल आया था वह नये वर्ष में कुछ शांत हो गया है और जनवरी में गैर टिकाऊ उपभोक्ता सामान के उत्पादन में सालाना आधार पर गिरावट दर्ज की गयी।

त्योहारों के पिछले सीजन की मांग के प्रभावित दिसम्बर, 2025 में औद्योगिक वृद्धि 8 प्रतिशत और नवंबर में 6.7 प्रतिशत थी। अक्टूबर में औद्योगिक उत्पादन सालाना आधार पर सितंबर के 4.6 प्रतिशत की तुलना में घट कर 0.4 प्रतिशत पर आ गया था जो 14 महीने का न्यूनतम स्तर था।

सांख्यिकी एवं कार्यक्रम क्रियान्वयन मंत्रालय की ओर से त्वरित अनुमानों के आधार पर सोमवार को जारी जनवरी के औद्योगिकी उत्पादन सूचकांक के अनुसार चालू वित्त वर्ष के पहले दस महीनों अप्रैल-जनवरी 2025-26 के दौरान औद्योगिकी उत्पादन सालाना आधार पर कुल मिला कर 4.4 प्रतिशत बढ़ा है ।

ताजा आंकड़ों के अनुसार जनवरी 2026 में खनन , विनिर्माण और बिजली उत्पादन क्षेत्र की वृद्धि दर क्रम से 4.3 प्रतिशत , 4.8 प्रतिशत और 5.1 प्रतिशत है।

औद्योगिकी उत्पादन सूचकांक जनवरी 2025 के 161.6 के मुकाबले इस बार जनवरी में 169.4 रहा। जनवरी 2026 में खनन , विनिर्माण और बिजली क्षेत्र के उत्पादन सूचकांक क्रमश: 157.2, 167.2 और 212.1 रहे।

विनिर्माण क्षेत्र में 23 औद्योगिक समूहों में से 14 में उत्पादन एक साल पहले की तुलना में बढ़ा है। इस बार जनवरी की वृद्धि में सबसे अच्छा योगदान करने वाले क्षेत्रों में " प्राथमिक धातु विनिर्माण क्षेत्र के उत्पादन में 13.2 प्रतिशत , मोटर वाहन, ट्रेलर और सेमी-ट्रेलर विर्माण उद्योग में 10.9 प्रतिशत और "अन्य गैर-धातु खनिजों के उत्पादन और विनिर्माण कारोबार में 9.9 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गयी।

जनवरी प्राथमिक वस्तुओं के उत्पादन में 3.1 प्रतिशत, पूंजीगत वस्तु उद्योग में 4.3 प्रतिशत, माध्यमिक वस्तुओं के उत्पादन में 6.0 प्रतिशत, इंफ्रास्ट्रक्चर/कंस्ट्रक्शन वस्तु क्षेत्र में 13.7 प्रतिशत और टिकाऊ उपभोक्ता क्षेत्र के उत्पादन में सालाना आधार पर 6.3 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गयी। त्वरित उपभोक्ता वस्तु क्षेत्र का उत्पादन पिछले साल इसी माह की तुलना में 2.7 प्रतिशत गिर गया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित