अलवर , फरवरी 24 -- राजस्थान में खैरथल-तिजारा जिले के औद्योगिक क्षेत्रों में नियमों का उल्लंघन करने पर 1558 इकाइयों को नोटिस जारी किये गये हैं।

खैरथल तिजारा जिले की कार्यवाहक कलेक्टर डॉ आर्तिका शुक्ला द्वारा गठित जांच समिति भिवाड़ी एवं आसपास के औद्योगिक क्षेत्रों में संचालित इकाइयों का व्यापक निरीक्षण कर रही है। अतिरिक्त जिला कलेक्टर सुमित्रा मिश्र ने मंगलवार को बताया कि समिति द्वारा 17 फरवरी से 23 फरवरी 2026 तक विभिन्न विभागों के माध्यम से निरीक्षण करके रिपोर्ट प्रस्तुत की गयी है।

जांच के दौरान रीको प्रथम, रीको द्वितीय, राजस्थान राज्य प्रदूषण नियंत्रण मंडल, फैक्ट्री एवं बॉयलर्स विभाग, श्रम विभाग तथा नगर परिषद भिवाड़ी (अग्निशमन विभाग) द्वारा कुल 2515 औद्योगिक इकाइयों का निरीक्षण किया गया। इनमें से 1,058 इकाइयों में विभागीय मानकों का उल्लंघन पाये जाने पर संबंधित इकाइयों को नोटिस जारी किये गये।

श्री मिश्र ने बताया कि शेष औद्योगिक इकाइयों की जांच प्रक्रिया अभी जारी है। सभी संबंधित विभागों द्वारा अपने-अपने विभागीय मानकों के उल्लंघन पाये जाने पर नियमानुसार नोटिस जारी किये।

उल्लेखनीय है कि खुशखेड़ा में एक रेडीमेड फैक्ट्री की आड़ में अवैध पटाखा फैक्ट्री संचालित थी, जिसमें बारूद फटने के बाद आठ मजदूरों की मौत होगयी और तीन घायल हो गये। इसके बाद वहां पर सभी फैक्ट्रियों की जांच करने की निर्देश दिये गये हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित