अमृतसर , मार्च 14 -- पंजाब में अमृतसर के सांसद गुरजीत सिंह औजला ने राज्य में ड्रोन के जरिए बढ़ रही नशीले पदार्थों और हथियारों की तस्करी पर गहरी चिंता व्यक्त की है। गृह मंत्री अमित शाह के पंजाब दौरे के अवसर पर शनिवार को श्री औजला ने उन्हें एक पत्र लिखकर अमृतसर सहित सीमावर्ती क्षेत्रों की सुरक्षा व्यवस्था को चाक-चौबंद करने के लिए 'विशेष सुरक्षा तोहफे' की मांग की है।
श्री औजला ने पत्र में उल्लेख किया कि विशेष रूप से अटारी बॉर्डर और आसपास के क्षेत्रों में पिछले कुछ समय से पाकिस्तान की ओर से ड्रोन के माध्यम से नशा, हथियार और गोला-बारूद भेजने की घटनाओं में भारी वृद्धि हुई है। उन्होंने कहा कि बीएसएफ के 50 किलोमीटर के अधिकार क्षेत्र के भीतर ऐसी घटनाओं का होना चिंताजनक है। अवैध हथियारों की आसान पहुंच के कारण प्रदेश में फिरौती, अपहरण, गैंगवार और हत्या जैसी वारदातों ने कानून-व्यवस्था को चुनौती दी है।
श्री औजला ने सीमा पर लगी कंटीली तारों (फेंसिंग) का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने कहा कि हाल ही में कुछ स्थानों पर लगायी गयी फेंसिंग के कारण स्थानीय किसानों और निवासियों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने गृह मंत्री से अपील की कि सुरक्षा एजेंसियों और स्थानीय लोगों के साथ विचार-विमर्श कर फेंसिंग की स्थिति की समीक्षा की जाए ताकि आम जनता को राहत मिल सके।
सांसद ने याद दिलाया कि अमृतसर न केवल सिख धर्म की आध्यात्मिक राजधानी है, बल्कि यह दशकों से आतंकवाद और नशे जैसी चुनौतियों के खिलाफ राष्ट्रीय सुरक्षा की अग्रिम पंक्ति में रहा है। उन्होंने मांग की कि सीमा पर निगरानी बढ़ाने के लिए अत्याधुनिक एंटी-ड्रोन सिस्टम की तैनाती की जाये। सभी सुरक्षा एजेंसियों के बीच बेहतर तालमेल और रियल-टाइम सूचना साझा किया जाये। सीमावर्ती बेल्ट में रहने वाले नागरिकों की समस्याओं का समाधान किया जाये।
उन्होंने केंद्र सरकार से पुरजोर अपील की कि पंजाब की जवानी को नशे से बचाने और देश की अखंडता सुनिश्चित करने के लिए तत्काल ठोस कदम उठाये जायें।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित