चेन्नई , फरवरी 24 -- अन्नाद्रमुक से निष्कासित नेता ओ पन्नीरसेल्वम ने मंगलवार को साफ तौर पर कहा कि वह नयी राजनीतिक पार्टी नहीं बनाएंगे।
श्री पन्नीरसेल्वम ने कहा कि उन्होंने कोई गलती नहीं की है और चार दशकों से अधिक समय तक अन्नाद्रमुक की सेवा की है और सभी अपमानों को सब्र से सहा है। अगर उनकी गलतियां साबित हो जाती हैं तो वह राजनीति छोड़ने को तैयार हैं।
यह कहते हुए कि नेतृत्व विवाद और उनके अन्नाद्रमुक के नाम और प्रतीक का इस्तेमाल करने का मामला अदालत में विचाराधीन है , उन्होंने अन्नाद्रमुक के महासचिव एडप्पादी के पलानीस्वामी की इस बात से असहमति जताई कि उन्हें (ओपीएस) पार्टी का झंडा, पार्टी का प्रतीक इस्तेमाल नहीं करना चाहिए और पार्टी की धोती नहीं पहननी चाहिए। उन्होंने बताया कि वह अभी विधायक हैं और तीन बार मुख्यमंत्री रह चुके हैं। उपमुख्यमंत्री के तौर पर काम कर चुके हैं और अन्नाद्रमुक का समन्वयक के तौर पर भी नेतृत्व कर चुके हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित