लंदन , जुलाई 06 -- जापान की टेनिस स्टार नाओमी ओसाका ने शीर्ष क्रम की आर्यना सबलेंका को 6-2, 7-6 (2) से हराकर रविवार को पहली बार विंबलडन क्वार्टर फाइनल में जगह बनाई।

ओसाका ने शुरुआती ब्रेक प्वाइंट पर इनसाइड-आउट बैकहैंड विनर लगाकर पहले सेट में 2-1 की बढ़त हासिल कर ली।

फिर दूसरे सेट के टाईब्रेकर में बेलारुस की सबालेंका की लगातार गलतियों ने ओसाका को बढ़त दिला दी। ओसाका ने अपने सामने आए एकमात्र दो ब्रेक पॉइंट बचाए। ओसाका ने मैच में ऐस में 8-5 और विनर्स में 21-15 की बढ़त बनाई, जो डेढ़ घंटे से भी कम समय तक चला।

मैच के बाद सबलेंका ने कहा, " मैंने अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन नहीं किया, और उसने शायद अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया। कभी-कभी ऐसा हो जाता है। कभी-कभी आप मैदान पर उतरकर अपनी पूरी कोशिश करते हैं और फिर भी मैच हार जाते हैं। अगर कोई खिलाड़ी शानदार प्रदर्शन कर रहा हो, सटीक शॉट लगा रहा हो, बिना किसी डर के लगातार शॉट खेल रहा हो, तो मैं क्या कर सकती थी। वह बस शॉट लगाने के लिए बेताब थी।"ओसाका ने कहा, "कोर्ट पर इतना मजा मुझे बहुत समय बाद आया है और यहां ऐसा कर पाना मेरे लिए बहुत मायने रखता है।"सबलेंका और ओसाका दोनों ने चार-चार ग्रैंड स्लैम खिताब जीते हैं, और उनके सभी प्रमुख खिताब हार्ड कोर्ट पर - ऑस्ट्रेलियन ओपन और यूएस ओपन में आए हैं।

ओसाका का अगला मुकाबला कैरोलिना मुचोवा से होगा , जिन्होंने 2024 विंबलडन चैंपियन बारबोरा क्रेजिसिकोवा को 7-5, 5-7, 6-3 से हराया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित