रायगढ़ , मार्च 16 -- छत्तीसगढ़ में रायगढ़ जिले के तमनार थाना क्षेत्र में रेलवे लाइन पर बन रहे ओवरब्रिज के निर्माण स्थल पर बड़ा हादसा हो गया। ढोलनारा गांव के पास सड़क पर खोदे गए गहरे गड्ढे में मोटरसाइकिल समेत गिरने से रेगांव के सरपंच जेग राम भगत की मौत हो गई।

बताया जा रहा है कि घटना रविवार रात की है, लेकिन जानकारी नहीं मिलने के कारण सरपंच का शव रात भर गड्ढे में ही पड़ा रहा।

मिली जानकारी के अनुसार रेलवे लाइन के लिए ओवरब्रिज का निर्माण कार्य चल रहा है। निर्माण स्थल पर सड़क को खोदकर गहरा गड्ढा बनाया गया था, लेकिन वहां किसी प्रकार का डायवर्जन, चेतावनी बोर्ड या सुरक्षा व्यवस्था नहीं की गई थी।

इसी दौरान देर रात मोटरसाइकिल से गुजर रहे रेगांव के सरपंच जेग राम भगत अनजाने में गड्ढे में गिर गए, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

सुबह ग्रामीणों की नजर गड्ढे में पड़े शव पर पड़ी, जिसके बाद घटना की सूचना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही तमनार थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को बाहर निकालकर पंचनामा कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।

घटना के बाद ग्रामीणों में भारी आक्रोश है। उनका कहना है कि निर्माण कार्य कर रही रेलवे ठेका कंपनी की लापरवाही के कारण यह हादसा हुआ है। यदि सड़क पर डायवर्जन और सूचना बोर्ड लगाए जाते तो इस तरह की घटना नहीं होती।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित