ऊधमसिंह नगर , अप्रैल 03 -- उत्तराखंड की ऊधमसिंह नगर पुलिस ने रोडवेज बस में तोड़फोड़ और चालक से मारपीट की घटना का खुलासा करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति ने शुक्रवार को इस मामले का खुलासा करते हुए कहा कि विगत एक अप्रैल को ओवरटेकिंग को लेकर हुए विवाद में कुछ बदमाशों ने टनकपुर से देहरादून जा रही रोडवेज बस में तोड़फोड़ और चालक के साथ मारपीट की थी। यही नहीं आरोपियों ने चलती बस में भी तोड़फोड़ की। इससे यात्रियों में भी दहशत फैल गई।

चालक शारदा शंकर निवासी शारदा घाट की ओर से दी गई तहरीर पर गदरपुर थाना में विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर पुलिस टीम का गठन किया गया। टीम ने मुखबिर की सूचना पर चारों आरोपियों को गुरुवार देर रात गिरफ्तार किया।

गिरफ्तार आरोपियों में हरजिन्दर सिंह, रिंकु सिंह गोविन्द सिंह और अयान निवासीगण ग्राम खुशालपुर, थाना गदरपुर शामिल हैं।

आरोपियों ने पूछताछ में बताया कि शराब के नशे में ओवरटेकिंग को लेकर विवाद हुआ, जिसके बाद उन्होंने गुस्से में आकर बस का पीछा किया और लाठी-डंडों से हमला कर क्षतिग्रस्त किया।

पुलिस ने घटना में प्रयुक्त दो बिना नंबर प्लेट की मोटरसाइकिल भी बरामद की हैं। गनीमत रही कि घटना के दौरान बस में सवार सभी यात्री सुरक्षित रहे।

पुलिस ने बताया कि सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने के मामले में आरोपियों के खिलाफ पीडीपीपी एक्ट के तहत भी सख्त कार्रवाई की जा रही है और क्षतिपूर्ति भी कराई जाएगी। फरार अन्य आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति ने कहा कि जिले में हुड़दंग और अराजकता किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। कानून से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित