पटना , जून 08 -- बिहार में पटना जिले के बाढ़ थाना क्षेत्र में ओला एवं रैपिडो चालक मोटरसाइकिल चालकों को ऑनलाइन बुकिंग कर सुनसान इलाके में बुलाकर लूटपाट करने वाले गिरोह का पुलिस ने भंडाफोड़ कर चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है।पुलिस सूत्रों ने सोमवार को बताया कि तीन जून और पांच जून को पटना शहरी क्षेत्र से ओला एवं रैपिडो चालकों को ऑनलाइन बुक कर प्रलोभन देकर बाढ़ थाना क्षेत्र में बुलाया गया था, जहां उनसे लूटपाट की गई। आरोपियों ने पीड़ितों से यूपीआई के माध्यम से भी रुपये ट्रांसफर कराए थे।

सूत्रों ने बताया कि मामले की सूचना मिलने के बाद अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी-01, बाढ़ के निर्देशन तथा थानाध्यक्ष बाढ़ के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया। टीम ने तकनीकी एवं मानवीय अनुसंधान के आधार पर सात जून को छापेमारी कर घटना में संलिप्त चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपियों के पास से एक देशी कट्टा, दो कारतूस एवं दो मोबाइल फोन बरामद किए गए। पुलिस ने लूटी गई मोटरसाइकिल, आधार कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस तथा 1600 रुपये नकद भी बरामद किए हैं।पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई करते हुए गिरोह के अन्य सदस्यों और आपराधिक गतिविधियों की जांच कर रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित