जालौन , अप्रैल 5 -- उत्तर प्रदेश के जालौन जिले में हाल ही में हुई अतिवृष्टि और ओलावृष्टि से फसलों को हुए नुकसान के मद्देनजर उप कृषि निदेशक सुनील कुमार उत्तम ने किसानों के लिए महत्वपूर्ण निर्देश जारी किए हैं। उन्होंने रविवार को बताया कि जिन किसानों की फसल बीमित है, वे क्षति की सूचना 72 घंटे के भीतर भारत सरकार के टोल फ्री नंबर 14447 पर दर्ज कराएं, ताकि समयबद्ध सर्वे के बाद उन्हें मुआवजा मिल सके। उन्होंने कहा कि सूचना दर्ज करते समय किसान अपना आधार नंबर या बीमा पॉलिसी नंबर अवश्य उपलब्ध कराएं, जिससे नुकसान का सही आकलन किया जा सके। सूचना मिलने के बाद बीमा कंपनी की टीम मौके पर पहुंचकर फसल क्षति का सर्वे करेगी।

उप कृषि निदेशक ने बताया कि जनपद के विभिन्न विकासखंडों में बीमा कंपनी के प्रतिनिधि तैनात किए गए हैं, जो किसानों की सहायता कर रहे हैं। इसके अलावा राजस्व, कृषि विभाग और बीमा कंपनी की संयुक्त टीमें गांव-गांव जाकर सर्वे कार्य कर रही हैं, ताकि कोई भी पात्र किसान राहत से वंचित न रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित