दुबई , जून 29 -- ऑस्ट्रेलिया, भारत, दक्षिण अफ़्रीका और ग्रेट ब्रिटेन (इंग्लैंड के प्रदर्शन के चलते) ने लॉस एंजेलिस 28 ओलंपिक गेम्स के लिए महिला टी 20 विश्व कप 2026 में अपने प्रदर्शनों के चलते प्रवेश कर लिया है। लॉस एंजेलिस 28 ओलंपिक्स में महिलाओं के इवेंट में कुल छह टीमें हिस्सा लेंगी। इन चार टीमों ने क्रमश: ओसनिया, एशिया, अफ़्रीका और यूरोप से सबसे ऊंचे स्थान पर रहने वाले योग्य फ़िनिशर के रूप में अपनी जगह पक्की की।
टी20 विश्व कप में सेमीफ़ाइनल में पहुंचने वाली चार टीमों में से एक वेस्टइंडीज़, देशों के समूह के तौर पर ओलंपिक्स में हिस्सा लेने के लिए योग्य नहीं हैं क्योंकि उन्हें आईओसी की नेशनल ओलंपिक कमेटी के तौर पर मान्यता नहीं मिली है।
पुरुष टीमों के लिए चार जगहों का निर्धारण आईसीसी टी20 रैंकिंग के आधार पर होगा। रैंकिंग में 31 दिसंबर 2026 तक अफ़्रीका, एशिया, यूरोप और ओसनिया से सबसे ऊंचे स्थान पर रहने वाली योग्य टीमें ओलंपिक्स में प्रवेश पाएंगी।
अमेरिका बतौर मेज़बान दोनों इवेंट के लिए क्वालिफ़ाई करने के योग्य है, लेकिन उन्हें 30 जून 2026 से लेकर 31 दिसंबर 2026 की क्वालिफ़िकेशन की अवधि तक दोनों टी20 रैंकिंग में शीर्ष 15 में रहना होगा। अमेरिका की पुरुष टीम 13वें स्थान पर है इसलिए उनके प्रवेश करने की संभावना प्रबल है।
इस समय अमेरिका की महिला टीम 20वें स्थान पर है और अगर वह इस मापदंड पर खरी नहीं उतर पाती है तो 1 मार्च 2027 तक किसी भी महाद्वीप से, ओलंपिक्स में प्रवेश न पाने वाली टीमों में से टी20 रैंकिंग में सबसे ऊंचे स्थान पर रहने वाली टीम को प्रवेश मिल जाएगा।
इस इवेंट के लिए छठी टीम का निर्धारण क्वालिफ़ायर इवेंट के ज़रिए होगा, जिसमें महिला और पुरुष दोनों में आठ राष्ट्रों की टीमें हिस्सा लेंगी। यह टीमें टी 20 रैंकिंग के आधार पर तय की जाएंगी।
अगर वेस्टइंडीज़ की पुरुष और महिला टीमें 31 दिसंबर 2026 तक उन शीर्ष आठ रैंकिंग वाली टीमों में शामिल रहती हैं जिन्होंने तब तक प्रवेश नहीं पाया है, तो ऐसी स्थिति में यह तय करने के लिए कि कौन सा क्षेत्र ओलंपिक में हिस्सा लेगा, उसके लिए एक विशेष कैरिबियन टूर्नामेंट आयोजित किया जाएगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित