निवाड़ी , अगस्त 30 -- मध्यप्रदेश के निवाड़ी जिले की धार्मिक नगरी ओरछा में भारतीय जनता पार्टी की दो दिवसीय प्रदेश कार्यसमिति बैठक रविवार को शुरू हुई। बैठक से पहले प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के 'मन की बात' कार्यक्रम का पार्टी के राष्ट्रीय एवं प्रदेश पदाधिकारियों, केंद्रीय मंत्रियों और जनप्रतिनिधियों ने सामूहिक रूप से श्रवण किया।

प्रदेश भाजपा अध्यक्ष एवं विधायक हेमंत खण्डेलवाल ने कार्यसमिति बैठक के पूर्व ध्वजारोहण किया। इसके बाद उन्होंने प्रदर्शनी का उद्घाटन कर उसका अवलोकन किया। इस दौरान प्रदेश प्रभारी डॉ. महेन्द्र सिंह, क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जामवाल, केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान, ज्योतिरादित्य सिंधिया, वीरेन्द्र कुमार, पार्टी के राष्ट्रीय प्रकोष्ठ संयोजक एवं सांसद विष्णुदत्त शर्मा सहित राष्ट्रीय एवं प्रदेश पदाधिकारी तथा जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

कार्यसमिति बैठक में संगठन को मजबूत और अधिक प्रभावी बनाने के साथ आगामी संगठनात्मक कार्ययोजना पर चर्चा की जा रही है। बैठक में बूथ सशक्तिकरण, संगठन विस्तार, प्रशिक्षण, समरसता, आगामी कार्यक्रमों और विकसित भारत के संकल्प सहित विभिन्न विषयों पर मंथन होगा।

कार्यसमिति में पार्टी के संसदीय बोर्ड के सदस्य सत्यनारायण जटिया, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष लालसिंह आर्य, राष्ट्रीय महामंत्री एवं सांसद गजेन्द्र सिंह पटेल, राष्ट्रीय मंत्री कविता पाटीदार, राष्ट्रीय सह मीडिया संयोजक आशीष उषा अग्रवाल, पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं सांसद फग्गन सिंह कुलस्ते, वरिष्ठ नेता माखन सिंह सहित अन्य वरिष्ठ नेता एवं पदाधिकारी शामिल हुए।

भाजपा की प्रदेश कार्यसमिति बैठक ओरछा में 30 और 31 अगस्त को आयोजित की जा रही है। बैठक के दौरान राजनीतिक एवं संगठनात्मक प्रस्तावों पर चर्चा के साथ पार्टी के आगामी कार्यक्रमों और सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने की रणनीति पर भी विचार-विमर्श किया जाएगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित