निवाड़ी , अगस्त 30 -- भारतीय जनता पार्टी की दो दिवसीय प्रदेश कार्यसमिति बैठक के प्रथम दिन रविवार को श्रीराम राजा सरकार की नगरी ओरछा में विभिन्न सत्रों को पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने संबोधित किया। बैठक में राजनीतिक प्रस्ताव पारित कर एकात्म मानववाद, अंत्योदय, राष्ट्रसेवा और विकसित मध्यप्रदेश के संकल्प को आगे बढ़ाने का आह्वान किया गया।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं विधायक हेमंत खण्डेलवाल ने कहा कि भाजपा केवल राजनीतिक दल नहीं, बल्कि विचार, संस्कार, सेवा और राष्ट्र निर्माण की यात्रा है। उन्होंने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय के एकात्म मानववाद और अंत्योदय, डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के राष्ट्र की एकता तथा कुशाभाऊ ठाकरे के संगठन एवं कार्यकर्ता निर्माण के विचार आज भी पार्टी को दिशा दे रहे हैं। अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक विकास और सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना ही अंत्योदय की वास्तविक भावना है।

प्रदेश प्रभारी डॉ. महेन्द्र सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में प्रदेश सरकार वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के संकल्प के साथ कार्य कर रही है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से सरकार की उपलब्धियों और संगठन के कार्यों को बूथ एवं घर-घर तक पहुंचाने का आह्वान किया।

क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जामवाल ने कहा कि विकसित भारत के संकल्प को साकार करने के लिए संगठन को घर-घर तक ले जाना होगा। मजबूत बूथ और शक्ति केंद्र के माध्यम से संगठन को और सशक्त बनाया जा सकता है। उन्होंने कहा कि राष्ट्र निर्माण में प्रत्येक नागरिक की सहभागिता सुनिश्चित करना भाजपा कार्यकर्ताओं का दायित्व है।

केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश आत्मनिर्भरता और विकास की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को आमजन तक पहुंचाने तथा कर्तव्य को अपनी पहचान बनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि किसान हित के साथ कोई समझौता नहीं किया जाएगा।

केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत विश्व की चौथी बड़ी आर्थिक शक्ति के रूप में उभरा है। डिजिटल इंडिया, आधारभूत संरचना, परिवहन और रक्षा क्षेत्र में देश ने महत्वपूर्ण प्रगति की है। उन्होंने स्टार्टअप इंडिया और डिजिटल लेनदेन सहित विभिन्न पहलों का उल्लेख करते हुए कहा कि वैश्विक स्तर पर भारत का प्रभाव लगातार बढ़ रहा है।

राष्ट्रीय उपाध्यक्ष लाल सिंह आर्य ने संत रविदास की 650वीं जयंती के अवसर पर चलाए जा रहे 'समरसता संकल्प अभियान' का उल्लेख करते हुए कहा कि अभियान के माध्यम से सामाजिक समरसता, समानता और मानव कल्याण का संदेश जन-जन तक पहुंचाया जा रहा है।

राष्ट्रीय महामंत्री गजेन्द्र सिंह पटेल ने कहा कि जनजातीय समाज के सम्मान, अधिकार और संस्कृति-परंपराओं के संरक्षण के लिए भाजपा ने निरंतर कार्य किया है। उन्होंने जनजातीय क्षेत्रों में विकास और जनसंवाद के लिए पार्टी के प्रयासों का उल्लेख किया।

राष्ट्रीय कार्यालय प्रभारी एवं सांसद तरुण चुघ ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत पुनः दुनिया का मार्गदर्शन करने की दिशा में आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2047 का विकसित भारत केवल भाजपा का लक्ष्य नहीं, बल्कि 140 करोड़ देशवासियों का राष्ट्रीय संकल्प होना चाहिए।

उपमुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल ने कहा कि भाजपा जो कहती है, उसे करके दिखाती है। उन्होंने केन-बेतवा परियोजना को बुंदेलखंड में सिंचाई सुविधाओं के विस्तार और हरित क्रांति को गति देने वाली महत्वपूर्ण परियोजना बताया। उन्होंने कहा कि प्रदेश में निवेश के लिए करीब 30 लाख करोड़ रुपये के प्रस्ताव प्राप्त हुए हैं।

भाजपा किसान मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष बंशीलाल गुर्जर ने कहा कि किसानों की खुशहाली भाजपा सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने किसानों को उचित मूल्य, भावांतर योजना, स्वामित्व योजना और कृषि क्षेत्र से जुड़ी विभिन्न योजनाओं का उल्लेख किया।

वरिष्ठ नेत्री अर्चना चिटनिस ने कहा कि भाजपा सरकार महिलाओं के सम्मान, सुरक्षा और सशक्तिकरण के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने लाड़ली बहना योजना सहित महिला हितैषी योजनाओं का उल्लेख किया।

बैठक में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन और राष्ट्रसेवा पर आधारित 'सेवा संकल्प अभियान' को लेकर भी चर्चा हुई। अभियान के तहत 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक विभिन्न सेवा गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।

बैठक के उद्घाटन सत्र में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव सहित पार्टी के राष्ट्रीय और प्रदेश पदाधिकारी मौजूद रहे। नवनियुक्त राष्ट्रीय पदाधिकारियों का सम्मान किया गया। इसके बाद सांस्कृतिक संध्या का आयोजन हुआ और प्रदेश कार्यसमिति के सदस्यों ने रामराजा सरकार के दर्शन किए। बैठक में शोक प्रस्ताव रखकर दो मिनट का मौन भी रखा गया।

प्रदेश कार्यसमिति बैठक का समापन सोमवार को होगा। सुबह 'सेवा संकल्प अभियान' विषय पर कार्यशाला के बाद समापन सत्र में आगामी संगठनात्मक गतिविधियों की दिशा तय की जाएगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित