नयी दिल्ली , अप्रैल 27 -- सरकार ने सोमवार को कहा कि ओमान के तट के पास रसायनों से लदे टोगो के ध्वज वाले एक टैंकर पर सवार सभी भारतीय नाविक सुरक्षित हैं और इस टैंकर की स्थिति पर कड़ी नजर रखी जा रही है।

पत्तन, पोत परिवहन और जलमार्ग मंत्रालय में निदेशक मंदीप सिंह रंधावा ने सोमवार को पश्चिम एशिया की स्थिति पर यहां एक अंतर-मंत्रालयी ब्रीफिंग के दौरान यह बात कही। उन्होंने कहा, "पचीस अप्रैल को टोगो के ध्वज वाले रासायनिक टैंकर, एमटी सिरोन, पर ओमान के शिनास बाह्य बंदरगाह सीमा में कुछ व्यक्ति सवार हुए जिनमें भारतीय नाविक भी शामिल थे। जब यह पोत अन्य जहाजों के पास था तब ईरानी तटरक्षक बल ने हस्तक्षेप किया और चेतावनी के तौर पर गोलियां चलाईं।" उन्होंने कहा कि सभी भारतीय नाविक सुरक्षित हैं, और किसी भी भारतीय-ध्वज वाले पोत पर कोई प्रभाव नहीं पड़ा है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित