लंदन , जुलाई 20 -- होर्मुज जलडमरूमध्य के पास ओमान के तट पर एक अज्ञात मिसाइल या गोले के हमले के बाद एक जहाज में आग लग गयी। यूनाइटेड किंगडम मैरीटाइम ट्रेड ऑपरेशंस (यूकेएमटीओ) ने सोमवार को यह जानकारी दी।

यह घटना ओमान के कुमजार से लगभग 15 किलोमीटर (8 समुद्री मील) उत्तर-पश्चिम में हुई, जिसके बाद चालक दल को जहाज छोड़ना पड़ा।

यूकेएमटीओ ने एक विज्ञप्त में बताया, "चालक दल के सदस्य सुरक्षित रूप से जहाज से बाहर निकल गए हैं और उन्हें एक खींचने वाली नाव (टग बोट) द्वारा बचा लिया गया है। जहाज की आग अभी बुझाई नहीं जा सकी है।"एजेंसी ने यह भी कहा कि पर्यावरण पर किसी तरह के नुकसान की कोई रिपोर्ट नहीं है। इससे पहले, यूकेएमटीओ ने कहा था कि उसे होर्मुज के प्रवेश द्वार के पास कुमजार से आठ समुद्री मील उत्तर-पश्चिम में एक जहाज में आग लगने की सूचना मिली थी।

ईरान की सरकारी समाचार एजेंसी इरना के अनुसार, ईरान की सेना ने नियमों का पालन न करने वाले दो टैंकरों को 'आगे बढ़ने से रोक दिया।' यूकेएमटीओ ने कहा कि राहत और बचाव के प्रयासों के बीच जहाज पर इस समय कोई व्यक्ति मौजूद नहीं है। एजेंसी ने कहा, "आग अभी बुझी नहीं है और जहाज फिलहाल बह रहा है।"यह घटना एक प्रमुख वैश्विक व्यापारिक मार्ग और उसके आसपास बढ़े हुए सुरक्षा जोखिमों को रेखांकित करती है, जहाँ अमेरिकी सेना ने पहले वाणिज्यिक जहाजों को जलमार्ग से गुजरते समय ओमान के करीब वाले रास्तों का उपयोग करने की सलाह दी थी। इस बीच, ईरान के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता इस्माइल बघाई ने दोहराया है कि होर्मुज में ईरान की भूमिका को लेकर किसी भी तरह की बातचीत नहीं की जा सकती है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित