यमुनानगर , सितंबर 29 -- हरियाणा में जातीय जनगणना की मांग को लेकर देशभर में चलायेजा रहे 100 दिवसीय 'ओबीसी हक हुंकार अभियान' को लेकर यमुनानगर में भी कांग्रेस ने तैयारियां शुरू कर दी हैं।

शहरी कांग्रेस अध्यक्ष देवेंद्र सिंह ने मंगलवार को जिला पदाधिकारियों, वरिष्ठ नेताओं, फ्रंटल संगठनों और कार्यकर्ताओं से अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लेने का आह्वान किया है।

उन्होंने बताया कि इस कार्यक्रम में सेवानिवृत्त आईएएस एवं विधायक आदमपुर चेयरमैन चंद्रप्रकाश मुख्य रूप से शामिल होंगे।

श्री सिंह ने कहा कि लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी के आह्वान पर चलाये जा रहे इस अभियान का उद्देश्य जातीय जनगणना को लेकर लोगों में जागरूकता बढ़ाना और ओबीसी समाज की मांगों को मजबूती से उठाना है। कांग्रेस का कहना है कि सामाजिक न्याय से जुड़ी नीतियों के लिए विभिन्न समुदायों की संख्या और सामाजिक-आर्थिक स्थिति का विश्वसनीय आंकड़ा जरूरी है।

उन्होंने बताया कि अभियान के दौरान जनसभाओं, रैलियों, पदयात्राओं, धरना-प्रदर्शन, प्रशिक्षण कार्यक्रमों और व्यापक जनसंपर्क के माध्यम से लोगों को जोड़ा जाएगा। कांग्रेस की प्रमुख मांगों में जनगणना में ओबीसी के लिए स्पष्ट एवं पृथक प्रावधान, प्रत्येक जाति के लिए मानकीकृत 'कास्ट मास्टर लिस्ट' और जातियों की पहचान दर्ज करने के लिए व्यवस्थित ड्रॉप-डाउन व्यवस्था शामिल है।

उन्होंने कहा कि जिला स्तर पर ओबीसी समुदाय, युवाओं, विद्यार्थियों, सामाजिक संगठनों और अन्य हितधारकों से संपर्क किया जाएगा। कार्यकर्ताओं के लिए प्रशिक्षण एवं उन्मुखीकरण कार्यक्रम आयोजित कर अभियान को गांव और वार्ड स्तर तक पहुंचाया जाएगा। अभियान के तहत जिला उपायुक्त के माध्यम से राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन भी सौंपा जाएगा। प्रदर्शन और ज्ञापन की तिथि तय होने के बाद पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को सूचित किया जाएगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित