कोंडागांव , मई 09 -- छत्तीसगढ़ में सर्व पिछड़ा वर्ग समाज बस्तर संभाग की महत्वपूर्ण बैठक शनिवार को कलार समाज भवन, कोंडागांव में सम्पन्न हुई।
बैठक में छत्तीसगढ़ सर्व पिछड़ा वर्ग समाज के प्रदेश के पांचों संभागों के पदाधिकारी शामिल हुए। इस दौरान बस्तर संभाग के सभी जिलों से आए जिलाध्यक्ष, जिला पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में सामाजिक जन उपस्थित रहे।
बैठक में आगामी जनगणना में ओबीसी वर्ग के लिए पृथक कॉलम शामिल किए जाने की मांग को लेकर आवेदन, निवेदन एवं व्यापक आंदोलन की रणनीति तैयार की गई। पदाधिकारियों ने कहा कि जनगणना में ओबीसी कॉलम को शामिल नहीं करना सरकार द्वारा पिछड़ा वर्ग की उपेक्षा है। साथ ही आंदोलन के दौरान ओबीसी वर्ग को 27 प्रतिशत आरक्षण देने की मांग भी प्रमुख रूप से उठाई जाएगी।
बैठक में बस्तर संभाग अध्यक्ष तरुण धाकड़, जगन्नाथ साहू, सरगुजा संभाग से नरेश रजवाड़े, महासमुंद से बसंत सिन्हा, रायपुर से धर्मेंद्र साहू एवं नीलकंठ शार्दुल सहित विभिन्न जिलों के पदाधिकारी उपस्थित रहे। इनमें जिलाध्यक्ष गुलाब बघेल, माधेश्वर जैन, रितेश पटेल, गद्दाधर बैध, तुलसी नाग, गणेश यादव, कारिया दीवान, किशोर दीवान, मनोज देवांगन, रैमल दीवान, त्रिनाथ दीवान, अनिल वर्मा, टिकेश्वरी सिन्हा एवं सरिता यादव सहित बड़ी संख्या में सामाजिक प्रतिनिधि शामिल हुए।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित