सोनीपत , नवंबर 02 -- हरियाणा के सोनीपत में ओपी जिंदल यूनिवर्सिटी के नजदीक रविवार रात हुए सड़क हादसे में बाइक सवार दो युवकों की मौत हो गई।
मृतकों की पहचान खरखौदा के गांव सोहटी निवासी विजय (25) और दिनेश (26) के रूप में हुई है। हादसे के बाद टक्कर मारने वाला अज्ञात वाहन चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने दोनों शवों को सिविल अस्पताल सोनीपत के शवगृह में रखवाकर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस से सोमवार को प्राप्त जानकारी के अनुसार, विजय मानेसर स्थित मारुति कंपनी में नौकरी करता था। रविवार रात करीब नौ बजे उसका दोस्त दिनेश उसे मोटरसाइकिल से हाईवे तक छोड़ने आया था। इसी दौरान ओपी जिंदल यूनिवर्सिटी के पास तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उनकी मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों युवकों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
विजय के चाचा सत्यवान ने बताया कि उनका भतीजा 12वीं पास था और परिवार में सबसे छोटा था। वह मारुति कंपनी में नौकरी कर घर की आर्थिक जिम्मेदारी निभाने में सहयोग करता था। उसके परिवार में माता-पिता और दो भाई हैं। विजय अविवाहित था। उसकी मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित