रायगढ़ , मई 20 -- छत्तीसगढ़ में आपातकालीन पुलिस सेवा को और अधिक सशक्त बनाने की दिशा में बुधवार को रायगढ़ जिले को डायल-112 (फेज-2 नेक्स्ट जेन) के तहत अत्याधुनिक वाहनों की सौगात मिली। वित्त मंत्री एवं रायगढ़ विधायक ओपी चौधरी ने पुराने पुलिस लाइन परिसर में आयोजित कार्यक्रम में नई हाईटेक वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
इस अवसर पर जिला कलेक्टर, पुलिस अधीक्षक सहित प्रशासन एवं पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। कार्यक्रम में बताया गया कि नई डायल-112 गाड़ियां आधुनिक तकनीक और उन्नत संचार सुविधाओं से लैस हैं, जिससे दुर्घटना, अपराध, विवाद अथवा अन्य आपात स्थितियों में पुलिस की प्रतिक्रिया पहले की तुलना में अधिक तेज और प्रभावी हो सकेगी।
वित्त मंत्री चौधरी ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार कानून व्यवस्था को मजबूत करने और नागरिकों को त्वरित सुरक्षा उपलब्ध कराने के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि नेक्स्ट जेन डायल-112 सेवा पुलिस और आम जनता के बीच विश्वास को और मजबूत करेगी तथा ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में त्वरित सहायता सुनिश्चित करेगी।
अधिकारियों के अनुसार नई वाहनों में जीपीएस ट्रैकिंग सिस्टम, आधुनिक वायरलेस कम्युनिकेशन, रियल टाइम मॉनिटरिंग तथा त्वरित रिस्पॉन्स जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। इससे घटनास्थल तक शीघ्र पहुंचने और कानून व्यवस्था बनाए रखने में सहायता मिलेगी।
जिला प्रशासन और पुलिस अधिकारियों ने इस पहल को रायगढ़ जिले की सुरक्षा व्यवस्था के लिए महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि नई तकनीक से लैस इन वाहनों से पुलिसिंग और अधिक स्मार्ट एवं प्रभावी बनेगी तथा आम नागरिकों को बेहतर सुरक्षा और त्वरित सहायता मिल सकेगी।
कार्यक्रम के अंत में श्री चौधरी ने नई डायल-112 वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित