भुवनेश्वर , अक्टूबर 09 -- ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने शुक्रवार को घोषणा की कि राज्य सरकार एक प्रभावी सोशल मीडिया नीति बनायेगी और अपने डिजिटल संचार नेटवर्क को मज़बूत करेगी ताकि जानकारी तेजी से सही-सही और पारदर्शी तरीके से लोगों तक पहुंच सके।
श्री माझी ने सोशल मीडिया की नयी प्रवृत्ति पर ओडिशा सूचना सेवा (ओआईएस) के अधिकारियों के लिए आयोजित कार्यक्रम में कहा कि सूचना और जनसंपर्क विभाग में एक सहज डिजिटल संचार प्रणाली बनायी जायेगी, जो ज़िला कार्यालयों को राज्य मुख्यालय से जोड़ने का काम करेगी। डिजिटल प्लेटफॉर्म पर फैल रही गलत जानकारी और अफ़वाहों से निपटने के लिए एक सख़्त तथ्य जांच प्रणाली भी शुरू की जायेगी। यह देखते हुए कि संचार का दायरा पारंपरिक प्रिंट और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया से आगे बढ़कर सोशल मीडिया और कंटेंट क्रिएटर अर्थव्यवस्था के दौर में पहुंच गया है। उन्होंने कहा कि सरकारी संचार को जानकारी लेने के बदलते तरीकों के हिसाब से ढलना होगा, खासकर युवाओं के लिए जो तेज़ी से सोशल मीडिया और कृत्रिम बुद्धिमत्ता प्लेटफॉर्म पर निर्भर हो रहे हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित