भुवनेश्वर , सितंबर 11 -- ओडिशा में बलांगीर साइबर अपराध एवं आर्थिक अपराध (सीसीईओ) पुलिस ने निवेश धोखाधड़ी नेटवर्क का भंडाफोड़ कर चार लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस सूत्रों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।

गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान प्रकाश शर्मा, सनी बर्वे उर्फ जोकर, प्रसन्न कुमार नाग और जुबराज दीप के तौर पर हुई है।

पुलिस के अनुसार इस मामले में 35 लाख रुपये की धोखाधड़ी की रकम शामिल है, जिसकी जानकारी भारतीय साइबर अपराध समन्वय केन्द्र (आई4सी) के ज़रिए मिली थी।

सूत्रों ने बताया कि जांच में पता चला कि धोखाधड़ी की रकम को कथित तौर पर व्यावसायिक इकाइयों के नाम पर खोले गए बैंक खातों के ज़रिए स्थानांतरित किया गया था। इन इकाइयों में समलेश्वरी एंटरप्राइजेज, मां समलेश्वरी एग्रो एंटरप्राइजेज और मां एग्रो एंटरप्राइजेज शामिल हैं।

यह नेटवर्क कथित तौर पर म्यूल खातों की जानकारी हासिल कर, कई लेन-देन के ज़रिए धोखाधड़ी की रकम को घुमा-फिराकर , नकदी निकालकर और उसे आगे हैंडलर्स को सौंपकर काम करता था। पुलिस ने ऑपरेशन में समन्वय करने, खातों की जानकारी साझा करने और पैसे स्थानांतरित एवं नकदी निकालने के निर्देश देने के लिए विदेशी रूट वाले व्हाट्सएप बिजनेस वर्चुअल नंबरों के इस्तेमाल का भी पता लगाया है।

पुलिस ने जांच के दौरान आरोपियों से मोबाइल फोन, चेक बुक, पासबुक और डेबिट कार्ड ज़ब्त किए हैं। ओडिशा पुलिस ने कहा कि जांच सबूतों के आधार पर की जा रही है ताकि इसमें शामिल अन्य सभी लोगों की पहचान कर उन्हें पकड़ा जा सके, असली लाभार्थियों का पता लगाया जा सके और धोखाधड़ी की रकम बरामद की जा सके।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित