भुवनेश्वर , जून 16 -- ओडिशा के राज्यपाल हरि बाबू कंभमपति ने रूस के कैलिनिनग्राद में आयोजित अंतरराष्ट्रीय रेत कला महोत्सव में प्रतिष्ठित 'रशियन ग्रैंड सैंड मास्टर कप-2026' जीतने पर पद्मश्री से सम्मानित एवं विश्वप्रसिद्ध रेत कलाकार सुदर्शन पटनायक को मंगलवार को सम्मानित किया।
राज्यपाल ने श्री पटनायक को बधाई देते हुए कहा कि उन्होंने यह प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय सम्मान हासिल करने वाले पहले भारतीय रेत कलाकार बनकर इतिहास रच दिया है।
उन्होंने कहा कि इस उपलब्धि से ओडिशा और देश का गौरव बढ़ा है तथा कला और संस्कृति के क्षेत्र में भारत की वैश्विक पहचान और मजबूत हुई है।
श्री कंभमपति ने श्री पटनायक की पुरस्कार विजेता रेत मूर्ति की भी सराहना की, जिसमें जलवायु परिवर्तन की बढ़ती वैश्विक चुनौती और मानवता पर उसके प्रभाव को दर्शाया गया है।
उन्होंने कहा कि पटनायक सामाजिक और पर्यावरणीय मुद्दों के प्रति जागरूकता फैलाने के लिए रेत कला को प्रभावी माध्यम के रूप में लगातार इस्तेमाल कर रहे हैं, जो सराहनीय है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित