भुवनेश्वर , जनवरी 21 -- ओडिशा सरकार ने बुधवार को ईस्ट कोस्ट रेलवे के महाप्रबंधक परमेश्वर फुंकवाल को यातायात में सुधार और राज्य के समग्र विकास में तेजी लाने के उद्देश्य से महत्वपूर्ण रेलवे परियोजनाओं को समय पर पूरा करने के लिये हर संभव सहायता का आश्वासन दिया।
राज्य की मुख्य सचिव अनु गर्ग ने श्री फुंकवाल के साथ एक बैठक में यह आश्वासन दिया। दोनों पक्षों ने राज्य में चल रहे और प्रस्तावित रेलवे कार्यों की प्रगति पर विस्तृत एवं रचनात्मक चर्चा की। श्री फुंकवाल ने बैठक के दौरान बड़े पैमाने पर रेलवे परियोजनाओं के निष्पादन के दौरान आमतौर पर आने वाली कई चुनौतियों पर प्रकाश डाला। इनमें भूमि अधिग्रहण, वन अधिकार मंजूरी, अतिक्रमण हटाना, उपयोगिताओं को स्थानांतरित करना और लंबे समय से लंबित कानूनी मामलों का शीघ्र निष्पादन से संबंधित मुद्दे शामिल थे।
उन्होंने रोड ओवर ब्रिज और अन्य संबद्ध बुनियादी ढांचा कार्यों जैसी परियोजनाओं के सुचारू निष्पादन को सुनिश्चित करने के लिए विभिन्न एजेंसियों के बीच घनिष्ठ समन्वय के महत्व पर भी जोर दिया। श्री फुंकवाल ने ओडिशा भर में रेलवे परियोजनाओं को सुविधाजनक बनाने में राज्य सरकार द्वारा दिये गये निरंतर समर्थन को स्वीकार किया और उसकी सराहना की।
उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि निरंतर सहयोग और मजबूत अंतर-विभागीय समन्वय से चल रहे कार्यों का तेजी से कार्यान्वयन और राज्य में भविष्य की रेलवे पहलों की समय पर शुरुआत संभव होगी। श्री फुंकवाल ने इस बात पर जोर दिया कि समय पर नीति-स्तरीय निर्णय और आवश्यक परिचालन निर्देशों का जारी होना परियोजनाओं के सुचारू निष्पादन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित